**New post** on See photo+ page

बिहार, भारत की कला, संस्कृति और साहित्य.......Art, Culture and Literature of Bihar, India ..... E-mail: editorbejodindia@gmail.com / अपनी सामग्री को ब्लॉग से डाउनलोड कर सुरक्षित कर लें.

# DAILY QUOTE # -"हर भले आदमी की एक रेल होती है/ जो माँ के घर तक जाती है/ सीटी बजाती हुई / धुआँ उड़ाती हुई"/ Every good man has a rail / Which goes to his mother / Blowing wistles / Making smokes [– आलोक धन्वा, विख्यात कवि की एक पूर्ण कविता / A full poem by Alok Dhanwa, Renowned poet]

यदि कोई पोस्ट नहीं दिख रहा हो तो ऊपर "Current Page" पर क्लिक कीजिए. If no post is visible then click on Current page given above.

Monday, 18 March 2019

मुजफ्फरपुर में एक संगीत महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव 17.3.2019 को मनाया गया

नैनों की बात नैना जाने हैं
शास्त्रीय संगीत, भाव-नृत्य और होली गीतों से छा गई बहार




हमारे देश की मिट्टी में ही गीत संगीत है। हम लोकगीतों में पलते बढ़ते हैं और शास्त्रीय संगीत हमारी चेतना को अनुरंजित करता है  जीवन भर। जीवन के उल्लास का सार संगीत में ही है जहां से यह उत्पन्न भी होता है और जिसके द्वारा अभिव्यक्त भी । किन्तु हमारे जीवन में संगीत अचानक से नहीं टपकता। संगीत का संस्कार बच्चों में कम उम्र से ही डालना पड़ता है। लोकगीतों से इतर हर संगीत की विधा में कठिन प्रशिक्षण लेना अनिवार्य होता है। इस सन्दर्भ में देश के दूर दराज के कस्बों और शहरों में फैले संगीत महाविद्यालयों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।

हालांकि आज फ़िल्मी संगीत ने हमारे संगीत के मूल स्वरूप का काफी हद तक अतिक्रमण कर रखा है फिर भी देश के संगीत संस्थान आज भी विशुद्ध भारतीय संगीत को भी अपने मूल रूप में अक्षुण रखने में कामयाब हुए हैं।

मुज़फ़्फ़रपुर के रसूलपुर जिलानी में स्थित विनोद कल्पना संगीत महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव के अवसर पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला जहां एक आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुज़फ़्फ़रपुर पूर्वी के एसडीओ डॉ कुंदन कुमार संदीप शुक्ला, संगीतज्ञ डॉ अरविंद कुमार, लक्ष्मेश्वर प्रसाद, विनय कुमार, कुमारी कल्पना, नीलम शुक्ला व संगीतालय के निदेशक डॉ संजय संजू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इसके बाद अतिथियों के सम्मान में छात्राओं के द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। अलकनंदा वत्स ने राग मालकौंस गा कर शमा बांध दिया।'नैनों की बात नैना जाने हैं' गीत पर रजनी ने भाव नृत्य किया तो श्रोता तालियां बजाने लगे।संगीतालय के छात्र व बिग बॉस 12 के फाइनल में पहुंचने वाले दीपक ठाकुर ने एक से बढ़ कर एक गीत गाया तो पूरे श्रोता खड़ा हो कर तालियां बजाने लगे। एक सुन्दर  गीत सृष्टि शर्मा ने गाया। 

राग पुरिया घनाश्री गाकर अमर सिंह राणा ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। विजया प्रकाश ने जब भाव नृत्य किया तो श्रोता देखते ही रह गए। शुभांगी के द्वारा 'घूमर' पर नृत्य प्रस्तुत किया गया। एक लोकप्रिय गीत आयुषी राज ने गाया। मास्टर श्याम बिहारी, कुणाल राजवीर, सुधाकर नारायण, शेखर अरोड़ा, सुहानी ,सोनी, अंजलि,श्वेता,अर्चना वर्मा,श्रेया राज ,मेहंदी ,सुनील कुमार, निधी कुमारी, इक्षा यादव, स्वास्तिका, क्षमा शर्मा, गौरव ज्ञान आदि ने अपना गीत प्रस्तुत किया।

निशा, श्रेया राज, अलकनंदा वत्स, कैवल्या, मनीषा, प्रियांशी, सुहानी आदि ने भाव नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में होली का गीत प्रस्तुत किया गया। इंदु बाला सिन्हा, प्रेम रंजन व मास्टर श्याम बिहारी ने होली गीत गाया तो पूरा माहौल होलीमय हो गया।

मंच संचालन अमीर हमज़ा तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ संजय संजू ने किया। इस कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग उपस्थित थे जिनमें मुख्य रूप से डॉ संजय पंकज, एम एस हुसैन'आज़ाद', डॉ कुमार विरल, परमानंद, मधुमिता कुमारी, मो तमन्ना,  नवीन कुमार, सुमन वृक्ष, दीपक टंडेल, प्रमोद आज़ाद, प्रमोद सहनी आदि।
....
आलेख - अमीर हमजा 
छायाचित्र सौजन्य - अमीर हमजा 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com
  

















खगड़िया में हिंदी भाषा साहित्य परिषद द्वारा लोकार्पण -सह- वसंतोत्सव कवि सम्मलेन 17:03:2019 को संपन्न

संगिनी के संग छिकै ,मोन फगुआय छै
हिंदी और अंगिका  में होलियाई कवितायेँ 



हिन्दी भाषा साहित्य परिषद् खगड़िया की वार्षिक पत्रिका " स्वाधीनता संदेश -2019 " का लोकार्पण -सह-बसंतोत्सव कविसम्मेलन " का आयोजन वीणा प्राइमरी एकेडमी, पिपरा, चौथम के प्रांगन में दिनांक 17:03:2019 (रविवार) को अवधेश्वर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के उद्घाटन कर्ता थे समस्तीपुर से पधारे कवि हरि नारायण सिंह हरि,मुख्य अतिथि थे दरभंगा से पधारे विनोद कुमार हँसौड़ा और विशिष्ट अतिथि थे सलीमनगर से पधारे ग़ज़लकार मो0 रिज़वान खाँ अहमक । स्वागतसचिव शिवकुमार सुमन ने अतिथियों का स्वागत किया और पुष्पा झा ने स्वागत गान गाकर अतिथियों का स्वागत किया। दीप प्रज्वलित करके हरि नारायण हरि ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि समेत सभी मंचस्थ अतिथियों ने स्वतंत्रता संदेश-2019 का विमोचन किया। मंच संचालन कैलाश झा किंकर ने किया।

कविसम्मेलन की शुरुआत कविता कोश के उप-निदेशक -सह-कार्यकारी सचिव,हिन्दी भाषा साहित्य परिषद  राहुल शिवाय की सरस्वती वन्दना से हुई-
सादगी-सुअम्ब गहे, सरस-मधुर बहे,
पिंगल-पीयूष भरा, मधुरस गान दो l

सुखनन्दन पासवान ने होली गाकर वसंतोत्सव को सीधे परवान पर चढ़ा दिया-
देखो बसंत बहार,ऐलो होली के त्योहार
करो मन मे विचार यही देहिया में 
रंग,अबीर लगाबो, मन के मैल मिटाबो
खुशी खुशी रहो ऐ नगरिया में ।

मो0 रिजवान खाँ अहमक-
दिल के जलते हुए शोलों पे चले हैं अब तक
इश्क में मेरी तरह कौन जले है अब तक ।

विनोद कुमार हँसौड़ा-
ढूँढ़ता हूँ ऐसे नौजवान को
स्वर्ग जो बनाए हिन्दुस्तान को
और 
झलकता है दिलों से दिल का सच्चा प्यार होली मे
सदा होता है बत्तीसी का दीदार होली में ।

प्रीति कुमारी निराला-
धूप से गिला क्या करें जब छाँवों ने ही जला दिया।
गैरों की शिकायत क्या करूँ,जब अपनों ने ही दगा दिया।

हरि नारायण सिंह हरि-
किंकर जी की बात न पूछो कालिदास अवतार
कविता को दूतिनी बनाकर प्रेम बढाते यार -जोगिरा सारा रा रा---

शिव कुमार सुमन -
सपने लाख हजारों पर
नींद कहाँ अंगारों पर ।

सुमन कुमार रवि-
हम हैं तकदीर के मारे यूँ तो
मगर खुद के हैं सहारे यूँ तो

निशान्त आर्य-
जब रात का चाँद ढल रहा होगा
उम्मीद का सूरज भी चल रहा होगा।

डा0 सुनील कुमार मिश्र-
आँखों से काजल चुराना आता है मुझको
क्या कहें आपका प्रेम बहुत भाता है मुझको ।

राहुल शिवाय की होलीपरक रचना देखें-
सरहद पर वीरों का भाल सजाने वाली है 
और कहीं होली प्रिय को अपनाने वाली है 
लाठी से बरसाना खेले बिरज संग होली 
लेकर आई है खुशियों की नव उमंग होली।

कैलाश झा किंकर ने अपनी प्रस्तुति में दर्जनों रचनाएँ सुनायीं।उनमें एक मनहरण घनाक्षरी वार्णिक छन्द देखा जाए-
वासंती उमंग छिकै,भौंरा नै अनंग छिकै
संगिनी के संग छिकै ,मोन फगुआय छै ।
हरा ,लाल, पीला, रंग, गोरी के करै छै तंग
भांग पीने छै मतंग,रंग से नहाय' छै ।
उड़ै सगरो गुलाल , होलै लाल मुँह-गाल
बूढ़ा-बूढ़ी भी बेहाल,झूठे खिसिआय छै।
भनई कैलाश कवि,होली खेलै खास कवि
ढूँढ़ै छी वसंती छवि ,जहाँ वें नुकाय छै ।

अवधेश्वर प्रसाद सिंह-
घर आने पर पत्नी मुझको डाँटती रहती
ई नै छो उ नै छो घर में भाँजती रहती।

धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अवधेश्वर प्रसाद सिंह ने उपस्थित श्रोताओं/ कवियों और पत्रकारों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
.......

आलेख - कैलाश झा किंकर
छायाचित्र - हिंदी भाषा साहित्य परिषद, खगड़िया 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com







 
 




Friday, 15 March 2019

राष्ट्रीय कवि संगम बिहार की ओर से होली मिलन- सह- हास्य कवि सम्मलेन 14.3.2019 को पटना में संपन्न

भंवरों ने भी अन्ततः तोड़ दिया उपवास


राष्ट्रीय कवि संगम बिहार की ओर से संगम के प्रांतीय कार्यालय तेज प्रताप नगर पटना में 14 मार्च 2019 गुरुवार को होली मिलन सह हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।

होली के पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में लव्ध प्रतिष्ठित शायर समीर परिमल उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिष्ठित ग़ज़लकार  घनश्याम ने की।  हास्य कवि सम्मेलन बड़े हर्ष और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।इस कवि सम्मेलन का संचालन राष्ट्रीय कवि संगम मुजफ्फरपुर के उपाध्यक्ष अमीर हमजा ने किया।

इस धरा को अपने काव्य-रस से सिंचित  करने हेतु विभिन्न जिलों से पधारे हास्य -व्यंग, श्रृंगार, गीत ,ग़ज़ल कविता ,संस्कृत गीतादि विभिन्न रसों से पूर्ण कवियों ने अविस्मरणीय कवि सम्मेलन का स्वरुप दे दिया।

इस आनंदोत्सव में पुष्पमाला को रंग-बिरंगे पुष्पों सुशोभित करने वाले कवि  जहानाबाद से अमृतेश मिश्रा, अरवल से राहुल वत्स, हाजीपुर से नागेन्द्रमणि एवं कुछ नवांकुर कवि पटना से गुंजन, पटना सीटी से मनीष, अनीशाबाद से शिवम् झा, कुरथौल से रवि तथा धैर्यवान् दर्शकों की उपस्थिति सराहनीय रही।

समीर परिमल ने होली के अवसर पर सारी तल्खियों को भूल जाने की गुजारिश की - 
तल्खियां भूल जाओ होली में
दिल को दिल से मिलाओ होली में

इक जहाँ प्यार का बसायेंगे
नफ़रतों को जलाओ होली में

ये हवाएँ उदास लगती हैं
यार अब आ भी जाओ होली में

फिर उन्होंने अपने द्वारा की गई होली की तैयारी को कुछ यूं बताया- 

वफ़ा का रंग दुआ का गुलाल रक्खा है
हवा में इश्क़ ओ चाहत उछाल रक्खा है

चले भी आओ कि फागुन बुला रहा है तुम्हें
तुम्हारे वास्ते क्या-क्या सँभाल रक्खा है

वहीं देवभाषा संस्कृत के कवि और राष्ट्रीय कवि संगम के बिहार प्रांत के महासचिव अविनाश पांडेय ने 'ए कान्हा होली खेले अइह' को संस्कृत में गा कर सुनाया।

अमीर हमज़ा  पर एक लड़की मोटिवेट तो गई पर ये उसे न पाने के दर्द को कुछ यूं बयाँ करते हैं - 
एक सुंदर सी बाला मुझसे मोटीवेट हो गई
पर प्यार वाली गाड़ी मेरी लेट हो गई
किस्मत का दोष है या गरीबी है इसका कारण
जिस जिस पर मेरी नजर थी सब सेट हो गई।

अंत में गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे कवि घनश्याम ने फगुनाई में रचे दोहे उमंग के साथ सुनाये - 
शिशिर गया अवकाश पर फिर आया मधुमास
भंवरों ने भी अन्ततः तोड़ दिया उपवास

कुसुमायुद्ध से कर गया आहत हमें अनंग
अंग अंग पर चढ़ गया फिर फागुन का रंग

फागुन ने तन को छुआ मन में उठी तरंग
पुलकित होकर झूमने लगा अंग प्रत्यंग

फागुन को जब से मिला नया नया अनुबंध
बाँट रहा दिल खोलकर रूप रंग रस गंध।

कविताओं पर तालियाँ गड़गड़ाती रहीं और ठहाके गूंजते रहे। इस  तरह होली के हास्य और उल्लास के साथ यह यादगार कवि गोष्ठी समाप्त हुई।
....

आलेख - अमीर हमज़ा
छायाचित्र - राष्ट्रीय कवि संगम 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com
नोट- हमारे कवि मित्रों से अनुरोध है कि हमारे राष्ट्रीय ब्लॉग bejodindia.blogspot.com को कम्पुटर अथवा मोबाइल के डेस्टोप वर्शन या वेब वर्शन पर खोलकर Follow बटन पर क्लिक करें. फिर नारंगी रंग के बॉक्स के दिखने पर उस पर भी क्लिक करें. बस आप बन गए ब्लॉग के मेम्बर (फौलोअर). कुछ पूछना हो तो ईमेल करें - editorbejodindia@yahoo.com


 






'आखर' के 14.3.2019 के मासिक कार्यक्रम में मैथिली साहित्यकार प्रेम लता मिश्र से केशव किशोर की बातचीत

संस्था प्रधान होती है व्यक्ति नहीं 



गत वर्ष से आखर' नामक साहित्यिक संस्था ने बिहार की लोकभाषाओं की बड़ी सेवा की है. इसने मैथिली और भोजपुरी जैसी दो भाषाओं में अनेक कार्यक्रम किये हैं जिनमें लोकभाषा के एक प्रसिद्ध साहित्यकार को बुलाकर उनका साक्षात्कार लिया है और वह भी खुले मंच पर आमंत्रित दर्शकों के बीच । इस अभियान के दौरान विद्वानों द्वारा जो जवाब दिए गए उनसे लोकभाषाओं से सम्बंधित अनेक महत्वपूर्ण तथ्य उजागर हुए और पता चला कि क्यों लोकभाषाओं को पर्याप्त संरक्षण और सम्मान मिलना आवश्यक है ।

संस्था के प्रति समर्पित रहनी चाहिए, व्यक्ति की नही। यह बातें प्रभा खेतान फाउंडेशन, मसि इंक और श्री सीमेंट की ओर से होने वाली मासिक कार्यक्रम आखर में डॉ प्रेमलता मिश्र प्रेम ने कही  । कार्यक्रम 14.3.2019 को पटना के विद्यापति भवन में हुआ।

वरिष्ठ पत्रकार केशव किशोर से बातचीत के दौरान डॉ मिश्रा ने कहा कि 12 वर्ष में  विवाह हो जाने के पश्चात उच्च माध्यमिक की परीक्षा उत्तीर्ण की फिर पटना आ जाने के बाद वर्ष 1975 से रंगमंच से जुड़ाव। रेडियो पे नाटक सबसे पसंदीदा नाटक रचनात्मक कार्य मुझे लगा। अभिनय, लेखन और संपादन के द्वारा डॉ. प्रेमलता मिश्रा अपनी अभिव्यक्ति जाहिर करती है। 

नौकरी इन्होंने आवश्यकता और महिला सशक्तिकरण करण दोनों को देखते हुए किया। कुछ वर्ष बाबा नागार्जुन के सानिध्य प्राप्त करने के बाद ये महिला सशक्तिकरण को लेकर सचेत हुई। घर घर जाकर नाटक के जरूरत को पूरा करने के लिए चन्दा एकत्रित करना पड़ता था। 

अपने नाट्य कर्म के यात्रा और बाधा पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने के दौरान विद्यालय के कार्यक्रम में नाटक होना तय था पर ग्रामीणों के विरोध के कारण वो नाटक नहीं हो पाया उसी समय से नाटक में कार्य करने की इच्छा उत्पन्न हुई और निरन्तर इस कर्म में 50 साल से कार्यरत हूँ।

अभिनेता या अभिनेत्री टाइप्ड नहीं होते हैं वो अपने किरदारों पर बना दिये जाते हैं। इनका अंतिम नाटक "अंतिम प्रश्न" और "बड़का साहेब" है जो कि सामान्य नाटकों से भिन्न था। उन्होंने कहा कि उसमें मुझे रिहर्सल नहीं करनी पड़ी वो अंतर्कथा थी। 

निर्देशन में नहीं आ पाने का मुझे अब बहुत अफसोस है किन्तु मैथिली नाटक के लिए मैंने अपने से कम उम्र की महिला निर्देशक "तनुजा शंकर" के अंदर कार्य किया । 

अपने लेखन कर्म पर बात करते हुए डॉ. प्रेमलता मिश्र ने कहा कि "एगो छलीह सिनेह पुस्तक" फरमाईशी या शौकिया नहीं था । मेरे मन में जितनी उधेड़बुन थी उसे शब्दों का रूप दिया। समाज को जिस समय जिसकी जरूरत होती है उसके लिए मैं प्रतिबद्ध रहती हूं। उस समय रंगमंच में महिलाओं के प्रवेश की आवश्यकता थी मैंने इसे चुनौती की तरह स्वीकार किया । अबके समय में साहित्य लेखन महिलाओं के लिए चुनौती के रूप में है।

उन्होंने कहा कि मैं किसी व्यक्ति के लिए नहीं भाषा और संस्कृति के लिए कार्य करती हूं। इसकी मुझे बहुत आत्मसंतुष्टि है। संस्था मुख्य होती है व्यक्ति नहीं व्यक्ति तो आते जाते रहते है लेकिन संस्थाएं अडिग रहती है।अपने वैचारिक पक्ष पर  बोलते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति भाव शून्य नहीं हो सकता भावुकता तभी दिग्भ्रमित करती है जब कोई कार्य पूर्ण नहीं हो सके।

इस कार्यक्रम में प्रियंका मिश्रा, धीरेंद्र कुमार झा, रामानन्द झा रमण, बटुक भाई, कथाकार अशोक, रजनीश प्रियदर्शी, विष्णु नारायण, रंजन झा, आनंद कुमार आदि भी उपस्थित हुए।

ध्यातव्य है कि यह आखर का 17वां मासिक कार्यक्रम था। इसके पहले यह आठ बार मैथिली में और आठ बार भोजपुरी में यह कार्यक्रम कर चुका है।
.....

आलेख - सत्यम कुमार 
छायाचित्र - आखर 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com





Thursday, 14 March 2019

बीरेश्वर भटाचार्य - बिहार की समकालीन चित्रकला के जनक

 आतंकवाद, अहिंसा, राजनैतिक व्यंग और प्रेम की अभिव्यक्ति 


एक दौर था जब देश में सिर्फ शांतिनिकेतन ,जे जे, बड़ोदा, दिल्ली और मद्रास के कलाकारों की ही चर्चा होती थी। आज स्थिति बदली है अब कला जगत में किसी न किसी रूप में बिहार के कलाकारों की चर्चा हो ही जाती है जिसका श्रेय बीरेश्वर दा को दिया जाना चाहिए। देश विदेश में क्या हो रहा है इसकी जानकारी अपने शिष्यों तक पहुँचाने की बात हो राज्य अकादमी की कोई आल इंडिया प्रदर्शनी, बिनाले, नेशनल या गढ़ी स्कालरशिप हो इसके अलावा ललित कला अकादमी के सदस्य के रूप में बिहार के लिए उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता l इनके द्वारा अनुमोदित गढ़ी स्कालरशिप लेनेवाले सभी कलाकार आज सक्रिय हैं l 

बीरेश्वर भटाचार्य पटना आर्ट कॉलेज के छात्र भी रहे हैं और बाद में कला गुरु भी l आज भारतीय समकालीन कला के चर्चित कलाकारों में से कुछ तो उनके प्रिय शिष्य रह चुके हैं l 26 जुलाई 1935 कमलापुर ढाका बांग्ला देश में जन्मे बीरेश्वर भटाचार्य को ललित कला अकादमी की और से राष्ट्रिय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चूका है l इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत कुलेश्वर भटाचार्य के पुत्र बीरेश्वर दा को आज बिहार के सभी कलाकार अपना अभिभावक समझते हैं l 

बचपन में ढाका की पढाई के बाद कोलकाता आये फिर 1950 में पटना के नयाटोला में रहे तथा आगे की पढाई पी एन एंग्लो स्कूल में हुई l यदुनाथ बनर्जी के सहयोग से इनके पिताजी ने पटना आर्ट कॉलेज में कमर्शियल आर्ट में इनका नामांकन करवा दिया l पास करने के बाद राधामोहन प्रसाद और उपेंद्र महारथी ने इनकी प्रतिभा को देखते हुए इन्हें कालेज में नियति करवाईl स्कालरशिप मिलने पर कई बार ये विदेश भी गए दुनियाभर की कला से परिचित होने का मौका मिला l 

ये अपने समकालीन अशोक तिवारी ,अनिल सिन्हा तथा प्रमोद जी जैसे कलाकारों एवं रेनू जी ,बेनीपुरी जी एवं सतीश आनद जैसे संस्कृतिकर्मियों के साथ पटना की सक्रिय कला गतिविधियों से जुड़े रहेl चर्चित छापाकलाकार श्याम शर्मा जी के साथ 'ट्रैंगल' नामक ग्रूप की स्थापना की तथा इस ग्रुप के माध्यम से देश में कई जगह बिहार के कलाकारों की प्रदर्शनी भी आयोजित हुईl 

अनिल बिहारी, मिलन दास और श्याम शर्मा जी के साथ प्रभाव संस्था की स्थापना की और कई समूह चित्र प्रदर्शनियां की l उसी दौरान बिहार ललित कला अकादमी और शिल्प कला परिषद् की भी स्थापना हुई l  उस दौर के कलाकारों का मानना है दिल्ली का दरवाजा शिल्प कला परिषद् की वजह से ही खुला l जब स्वामीनाथन त्रिनाले के डाइरेक्टर बने तो उनका ध्यान इन्होने बिहार की कला और कलाकारों की और आकृष्ट किया l दिल्ली ललित कला अकादमी की दीर्घा में भी इनके ही प्रयास से बिहार के कलाकारों की पहली समूह प्रदर्शनी आयोजित हुई l 

बचपन में ही दंगा को करीब से देखनेवाले बीरेश्वर दा की पेंटिंग भी आतंकवाद, अहिंसा, राजनैतिक व्यंग और प्रेम से भरी होती है l मेरे विचार से आधुनिक कलाकारों में से अगर कोई नाम पद्मश्री के लिए सबसे पहले भेजने लायक है वो है हमारे बीरेश्वर दा l हालाँकि दुःख की बात है बिहार के आधुनिक कलाकारों में से पद्मश्री सम्मान के लिए आज तक किसी नाम पर सहमति नहीं बन पायी और आज तक किसी को ये सम्मान मिला भी नहीं l 

दो साल पहले मैं कोलकाता में उनके घर गया था वे आज भी बिहार की कला और कलाकारों के लिए चिंतित रहते हैं l बंगाल में रहनेवाले कलाकारों से ज्यादा उनकी खोज खबर बिहार के ही कलाकार लेते रहते हैं l यही वजह है कि आज भी किसी कार्यशाला में अगर उनका बिहार आना होता है तो बिहार की कला गतिविधियों के सहायतार्थ अपने पैसे भी वे देने से नहीं चूकते l
....

आलेख - रवीन्द्र दास 
छायाचित्र सौजन्य - रवीन्द्र दास 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com


  


  



Wednesday, 13 March 2019

पटना संग्रहालय और दरभंगा के लक्ष्मीश्वर सिंह संग्रहालय के कलावस्तुओं के संरक्षण का कार्य एनआरएसीसी लखनऊ को सौंपा गया



कला और संस्कृति जीवन जीने हेतु अनिवार्य नहीं है किन्तु एक मनुष्य का मनुष्य बने रहना इनके बिना संभव नहीं है। संस्कृति प्रवाहमान है। हर युग में कुछ चीजें छूटती जातीं हैं तो कुछ नई चीजें शामिल होती जाती हैं. लेकिन क्या छूट गया यह जानना जरूरी होता है। पटना संगहालय महाराजाधिराज लक्ष्‍मीश्‍वर सिंह संग्रहालय, दरभंगा में ऐसी अनेकानेक दुर्लभ कलावस्तुएँ हैं जिनके सुरक्षित बचे रहने हेतु उनका उच्च स्तरीय संरक्षण आवश्यक है। 

इसी परिप्रेक्षय  में हाल ही में बिहार सरकार के सम्बंधित विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है और इस सम्बंध में महत्वपूर्ण करार भी हुए हैं। 12 मार्च, 2019 को एनआरएलसीसी, लखनऊ  के कार्यालय में एमओयू पर  हस्ताक्षर किए गए। महाराजाधिराज लक्ष्‍मीश्‍वर सिंह संग्रहालय, दरभंगा के अध्‍यक्ष डॉ. शिव कुमार मिश्र के अनुसार निश्चय ही बिहार के धरोहर संरक्षण की दिशा में सरकार द्वारा किया गया यह अत्‍यन्‍त ही महत्‍वपूर्ण कदम है जिसमें पहली इतनी बड़ी कार्य योजना को स्‍वीकृति दी गई है। 

हाथी दांत से निर्मित कला वस्‍तुओं की दृष्टि से देश का सबसे समृद्ध एवं दुर्लभ संग्रह यहां है। डॉ. मिश्र ने बताया कि राज्‍य सरकार के कला संस्‍कृति एवं युवा विभाग द्वारा पटना संग्रहालय एवं महाराजाधिराज लक्ष्‍मीश्‍वर सिंह संग्रहालय, दरभंगा में रखे गए कलावस्‍तुओं के संरक्षण का कार्य भारत सरकार की संस्‍था राष्‍ट्रीय सांस्‍कृतिक संपदा संरक्षण अनुसंधानशाला (National Research Laboratory for Conservation of Cultural proerty), लखनऊ को सौंपा गया है। महाराजाधिराज लक्ष्‍मीश्‍वर सिंह संग्रहालय, दरभंगा के अध्‍यक्ष की हैसियात से उनके तथा एन.आर.एल.सी.सी., लखनऊ के महानिदेशक प्रो. मैनेजर सिंह द्वारा मंगलवार को एम.ओ.यू. पर किए गए हस्‍ताक्षर के अनुसार प्रथम चरण में (म.ल.सि.सं.) दरभंगा संग्रहालय के हाथी दांत तथा काष्‍ठ निर्मित दुर्लभ कलावस्‍तुओं के संरक्षण का दायित्‍व दिया गया है। 

ध्यातव्य है कि बिहार के मुख्‍यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा पिछले नवंबर, 2017 में दरभंगा संग्रहालय के भ्रमण के क्रम में हाथी दांत से निर्मित कला वस्‍तुओं के अविलंब संरक्षण करवाने का निदेश अधिकारियों को दिया गया था। इसी आलोक में लखनऊ से दो पदाधिकारी बिहार आए थे और पटना एवं दरभंगा संग्रहालयों के सामग्रियों के संरक्षण हेतु प्राक्‍कलन तैयार किया गया था। 

डेढ़ सौ से ज्यादा की संख्या में दरभंगा संग्रहालय के कलावस्‍तुओं का संरक्षण किया जाना है जिसमें हाथी दांत तथा काष्‍ठ निर्मित वे कला वस्‍तुएं हैं जिनका संकलन महाराजाधिराज लक्ष्‍मीश्‍वर सिंह द्वारा उन्‍नीसवीं सदी के उत्तरार्द्ध में किया गया था। हाथी दाँत से निर्मित कला वस्तुओं के मामले में सबसे समृद्ध संग्रहालय में   हाथी का हौदा, चटाई, सोफा, सिंहासन, महिषासुदर मर्दिनी की मूर्त्ति, शाही कुर्सी आदि अनेकानेक हाथी दांत निर्मित दुर्लभ कलावस्‍तुएं प्रमुख हैं। इसके साथ ही काष्‍ठ निर्मित महिषासुदरमर्दिनी, भगवान बुद्ध के जन्‍म का दृश्‍य आदि दुर्लभ संग्रह भी हैं और इनका भी संरक्षण किया जाना है। यह कार्य दरभंगा संग्रहालय में तीन वर्षों तक चलेगा और इस पर कुल एक करोड़ पैंसठ लाख पचपन हजार रुपये खर्च होंगे।

यह भी बता दिया जाय कि पटना संग्रहालय भी अभी डॉ. शिव कुमार मिश्र के प्रभार में ही है। वहाँ राहुल सांकृत्‍यायन द्वारा तिब्‍बत से लाए गए दुर्लभ तिब्‍बती पाण्‍डुलिपियों का संरक्षण भी इसी योजना के तहत एन.आर.एल.सी.सी. लखनऊ से कराया जा रहा है। ये वस्‍तुएं पटना संग्रहालय में रखी है। उन्‍होंने कहा कि तिब्‍बती पांडुलिपियों में स्‍वर्णाक्षर में लिखे गए शत साह स्रिका, सुवर्ण प्रभाषसूत्र आदि ग्रंथों के अलावे कुछ पेंटिंग का भी संरक्षण किया जाना है। इन कार्यों दो वर्षों में चौहत्तर लाख तीस हजार के लगभग राशि खर्च होगी  और  इसके लिए इसी सप्‍ताह पटना संग्रहालय के अपर निदेशक द्वारा लखनऊ के उक्‍त संस्‍थान से समझौते के मसौदे पर हस्‍ताक्षर किया जाएगा। 

बिहार की संस्कृति के अध्येता एवं इतिहासकार भैरब लाल दास ने बताया कि बिहार सरकार का यह कदम बहुत सराहनीय है और इससे बिहार की मूल्यवान सास्कृतिक धरोहर को विनष्ट होने से बचाया जा सकेगा।

आशा है कि बिहार सरकार के इन कदमों से अति महत्वपूर्ण कलावस्तुओं का उचित संरक्षण हो पाएगा जिन्हें हमारी आने वाली संततियाँ भी देख पाएंगी।
...................

आलेख - हेमन्त  दास 'हिम'
छायाचित्र सौजन्य  - शिव कुमार मिश्र
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com