**New post** on See photo+ page

बिहार, भारत की कला, संस्कृति और साहित्य.......Art, Culture and Literature of Bihar, India ..... E-mail: editorbejodindia@gmail.com / अपनी सामग्री को ब्लॉग से डाउनलोड कर सुरक्षित कर लें.

# DAILY QUOTE # -"हर भले आदमी की एक रेल होती है/ जो माँ के घर तक जाती है/ सीटी बजाती हुई / धुआँ उड़ाती हुई"/ Every good man has a rail / Which goes to his mother / Blowing wistles / Making smokes [– आलोक धन्वा, विख्यात कवि की एक पूर्ण कविता / A full poem by Alok Dhanwa, Renowned poet]

यदि कोई पोस्ट नहीं दिख रहा हो तो ऊपर "Current Page" पर क्लिक कीजिए. If no post is visible then click on Current page given above.

Tuesday, 12 March 2019

जनवादी लेखक संघ भोजपुर द्वारा 10.3.2019 को आरा में आयोजित कवि गोष्ठी संपन्न

अभी कुछ लम्हा फुरसत है तो दर्दों गम बयां कर ले


जनवादी लेखक संघ के तत्वावधान में रचना गोष्ठी का आयोजन दिनांक10 मार्च 2019 को आरा के 'द स्टडी सेंटर भवन' में किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार जितेन्द्र कुमार और प्रतिष्ठित शायर कुर्बान आतिश ने संयुक्त रूप से की। गोष्ठी की शुरुआत रवि शंकर सिंह की कविताओं से हुई। 

कवि-चित्रकार राकेश कुमार दिवाकर ने व्यवस्था की साजिशों को पर्दाफाश करती आम आदमी के प्रतिरोध की कविताएं सुनाई। शायर इम्तियाज़ अहमद ने 'अभी कुछ लम्हा फुरसत है तो दर्दों गम बयां कर ले और क्यों नहीं फिरसे वो माहौल बनाया जाए' जैसी गजलें सुनाई। ओम प्रकाश मिश्र ने 'दर्ज करो' कविता का पाठ किया। 

स्वतंत्र पत्रकार आशुतोष कुमार पाण्डेय ने समकालीन कविताओं कि दशा और समय की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। सुनील चौधरी ने 'प्रेम और नफरत' शीर्षक कविता के माध्यम से धर्म समाज और राजनीति की विडंबनाओं पर प्रकाश डाला। 'सुनो सोना' और 'कुकनूस' नामक कविता संग्रह के रचयिता सिद्धार्थ वल्लभ ने 'आदि मंत्र' और 'प्रतिबिंब' शीर्षक की कविताएं सुनाई।

कवि अरुण शीतांश ने 'थोड़ा पानी' नामक कविता का पाठ किया। 
थोड़ा पानी
नहीं जानता थार 
सहारा
सोन
के कण - कण को
रंग को जानता हूँ
जो मेरे कुरते से मिलता- जुलता है

कोई सूरज या चाँद को
 उगने से नहीं रोक सकता यहाँ

थोड़ा पानी भी है 
दो प्राणी के लिए 
छककर पी लेंगे

थोड़़ा और रंग हो
सवर्ण- मृग सा
मेरी प्रेमिका से मिलता- जुलता

टूटी हुई
बिखरी हुई शाखाओं पर
सोने दें एक रात जी भर ..

कोई सुबह - सुबह डायरी, पेन दे यहाँ
जहाँ बहा दूँ स्याही का रंग 
सोखता है यहाँ

कमी है तो क्या है
माड़ पी रह जायेंगे कई दिन
ज्यादा जीना कोई शुभ नहीं 

कविता ही शुद्ध है
और ये बालू के कण 

जिनमें शीशा कम है ...

सुमन कुमार सिंह ने अपने हिंदी और भोजपुरी गीतों से गोष्ठी में जान डाल दी। संस्कृतिकर्मी अंजनी शर्मा ने वर्तमान समय में सच कहने के संकट पर प्रकाश डाला। 

सुनील श्रीवास्तव ने अपनी कविताओं के माध्यम से समय की विडंबनाओं को प्रतिबिंबित किया। कुर्बान आतिश की गजल 'मेरे अश्कों को आंखों से छलक जाना नहीं आता' श्रोताओं को मुग्ध कर दिया। 

जितेन्द्र कुमार ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि यहां के कवि शायर राष्ट्रीय क्षितिज पर प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने स्वामी सानंद पर कविता पढ़ी। संचालन रवि शंकर सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन बाल रूप शर्मा ने।
.....
आलेख - सुनील श्रीवास्तव 
छायाचित्र - जलेस 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahooo.com
नोट- भाग लेनेवाले कविगण कृपया पढ़ी गई कविता की पंक्तियाँ ऊपर दिए गए ईमेल आईडी पर भेजें. धन्यवाद.













Monday, 11 March 2019

नेपाल डायरी-3 / नेपाल, हरियाणा, दिल्ली , उप्र, बिहार के कवियों ने 8.3.2019 को रौतहट, नेपाल में माँ पर कवितायेँ पढ़ीं

आँसू के समन्दर में ये नूरी न रहेगी 
(नेपाल डायरी -1 और 2 के लिंक के लिए नीचे देखिये .)



8.3.2019 को विश्व महिला दिवस पर रौतहट,नेपाल में मगसम के द्वारा "एक शाम माँ के नाम" का आयोजन हुआ जिसकी अध्यक्षता श्रीमती हीरा झा ने की और मंच संचालन मगसम के राष्ट्रीय संयोजक सुधीर सिंह सुधाकर ने किया।इसमें माँ पर केन्द्रित मगसम की कविताओं का कवितापाठ करने वालों में सुधीर सिंह सुधाकर(वाराणसी) ,कैलाश झा किंकर(बिहार), विनोद कुमार हँसौड़ा (बिहार), बाबा बैद्यनाथ झा (बिहार), भीम प्रजापति देवरिया (उत्तरप्रदेश), राम प्रसाद भारत (हरियाणा), कर्मेश सिन्हा (दिल्ली), अशोक चौधरी (नेपाल) आठ मार्च  को आठ बजे आठ कवियों ने माँ पर केन्द्रित आठ कविताएं पढ़ी गयीं।

नेपाल भारत मैत्री वीरांगना फाउण्डेशन काठमांडो, रौतहट,राम दुलारी शिव समाज केन्द्र रौतहट और भारतीय राज दूतावास, काठमांडो के 109 वाँ विश्व नारी दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय महाकुम्भ, कवि महोत्सव एवम् 7 वाँ सोशल मीडिया सम्मान समारोह ,सास्कृतिक कार्यक्रम दिनांक 6,7,8 मार्च 2019 के आयोजन का यह तीसरा और अन्तिम दिन था। विश्व महिला दिवस पर आज सभी साहित्यकार ,कवि- कवयित्रियाँ और छात्र-छात्राओं ने नेपाल और भारत के राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रभातफेरी करते हुए,नारा लगाते हुए भारत-नेपाल सीमा बैरगनिया तक गये।

भारत नेपाल मैत्री जिन्दाबाद
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ
भ्रूण हत्या बन्द करो
भारत माता की जय
नेपाल भूमि की जय
दहेज लेना पाप है
स्वच्छ भारत स्वच्छ नेपाल
शराब पीना बन्द करो
जय साहित्य जय संस्कृति
जय मिथिला जय मधेश।

ऐसे ही नारों से गुंजायमान धरती और आकाश आह्लादित होकर प्रेम,बंधुत्व और भाईचारे के संदेश दे रहे थे।मुख्य मंच पर भोजनोपरांत सम्मान समारोह आरम्भ हुआ।भारत और नेपाल के लहराते हुए झंडों के सम्मान में नेपाल और भारत के राष्ट् गान गाए गये।अमर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी ।सम्मानसमारोह की अध्यक्षता कुँवर प्रभा सिंह ने की। मुख्य अतिथि थी राज्यमंत्री डा0 डिम्पल कुमारी झा और विशिष्ट अतिथि जैबा रशीद मंचस्थ थी।


मंचस्थ अतिथियों का स्वागत सत्कार हुआ। मंचस्थ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन करके कार्यक्रम का उद्घाटन किया।अनिता रानी भार्द्वाज ने सरस्वती से सम्मान समारोह की शुरूआत की -"वागेश्वरी बूंदो------") मगसम के सुधीर सिंह सुधाकर,बाबा बैद्यनाथ झा, कैलाश झा किंकर, विनोद कुमार हँसौड़ा समेत सात सदस्यों की ओर से कुँवर प्रभा सिंह जी को प्रतीक चिह्न से सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री डिम्पल कुमारी झा और जैबा रशीद को भी सम्मानित किया गया। आराध्या की नृत्य प्रस्तुति से दर्शक मंत्रमुग्ध हुए।


नरेन्द्र पाल जैन की किताब सुनो--रहने दो ,जैबा रशीद की किताब "बाबरे मन का फरेब" ,बसंत परमार की पुस्तक नन्हें एहसास और लीला दीवान की किताब "रूठ कर बैठी हूँ" का लोकार्पण राज्यमंत्री डा0 डिम्पल कुमारी झा के कर कमलों से हुआ।

राज्यमंत्री डा0 डिम्पल कुमारी झा के कर कमलों से सभी कवियों/कवयित्रियों को सम्मान पत्र और प्रतीक चिह्न से सम्मानित किया गया। कविता पाठ भी हुआ। हर्षोल्लास के वातावरण में बसंतोत्सव मना कर नेपाल-भारत के स्नेहिल संम्बन्ध की प्रगाढ़ता का संदेश दिया गया।

विश्व महिला दिवस पर कैलाश झा किंकर ने अपनी प्रस्तुति में कहा-
इतना तो पता है कि ये दूरी न रहेगी
हक़ की ये कहानी भी अधूरी न रहेगी
दुल्हन को तिलक देंगे ये दुल्हे के पिताजी
आँसू के समन्दर में ये नूरी न रहेगी।
...
आलेख - कैलाश झा किंकर
छायाचित्र सौजन्य - कैलाश झा किंकर 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com
नेपाल डायरी-2  का लिंक - https://bejodindia.blogspot.com/2019/03/2.html
नेपाल डायरी-1 का लिंक - https://biharidhamaka.blogspot.com/2019/03/1.html


    



 






लेख्य मंजूषा की त्रैमासिक साहित्यिक गोष्ठी एवं त्रैमासिक पत्रिका 'स्पंदन' लोकार्पण पटना में 10.3.2019 को संपन्न

कच्ची धूप महुआ का डेरा / अंजुरी भर-भर प्यार,  पियरी सरसो का है घेरा


मौका था लेख्य-मंजूषा का त्रैमासिक साहित्यिक कार्यक्रम बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के सभागार में होना... बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन अपने सौ साल पूरे कर चुकने का उत्सव मना रहा है और दो साल पहले नींव रखी गई और पंजीकृत होने के बाद का पहला त्रैमासिक कार्यक्रम लेख्य-मंजूषा का।

“मौन ही मेरी भाषा है,  दूर क्षितिज तक जाती है।
संकुचाता हूँ, घबराता हूँ, जो दिल में आता है वह बताता हूँ"।
 उक्त बातें वरिष्ठ साहित्यकार राश दादा राश ने लेख्य-मंजूषा के त्रैमासिक कार्यक्रम में कहीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने बताया कि कविता मंच से निकले और श्रोता के दिल तक पहुँचे वही कविता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. सतीशराज पुष्करणा ने अपने उद्बोधन में मंच पर उपस्थित सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लेख्य-मंजूषा दिन दोगुनी रात चौगुनी अपने विकास पथ पर बढ़ रही है। कार्यक्रम की प्रतियोगिता पर रौशनी डालते हुए कहा कि प्रतियोगिता का अर्थ आपसी विवाद न हो कर साहित्य सृजन का कार्य होता है। इस बार प्रतियोगिता की विशेष रूपरेखा से उत्कृष्ट रचनायें  सामने आयी हैं। 

कार्यक्रम में बिहार साहित्य सम्मेलन के अध्य्क्ष डॉ. अनिल सुलभ ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहित्य की साधना सबसे बड़ी तपस्या है। निराशा से घबराना नहीं है। काव्य शिल्प पर रौशनी डालते हुए उन्होंने बताया कि छंद युक्त कविताएं अधिक खूबसूरत बनते हैं। जबकि छंदमुक्त कविता में प्रभाव रखना अत्याधिक मुश्किल होता है।

लेख्य-मंजूषा के त्रैमासिक कार्यक्रम (मार्च 2019) “शब्द - प्रबंधन : साहित्य - सृजन” के तहत बैंगलोर से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार  राश दादा राश मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लब्ध प्रतिष्ठित साहित्यकार व लघुकथा के वरिष्ठ रचनाकार डॉ. सतीशराज पुष्करणा ने अनेकानेक लघुकथाओं का पाठ किया  

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। शुभारंभ के बाद लेख्य-मंजूषा की त्रैमासिक पत्रिका “साहित्यक स्पंदन” का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण के वक़्त मंच पर डॉ. सतीशराज पुष्करणा, राश दादा राश, विभा रानी श्रीवास्तव, नसीम अख्तर, डॉ. अनिल सुलभ, कृष्णा सिंह, भगवती प्रसाद द्विवेदी,  इत्यादि मौजूद थे।

“शब्द-प्रबंधन:साहित्य-सृजन” 

साहित्य में उच्चारण का अपना विशेष महत्व है। उच्चारण में कोई त्रुटि न हो इसके लिए लेख्य-मंजूषा ने  6-6 सदस्यों का 5 दल बनाया गया। दल दुष्यंत, दल नागार्जुन, दल दिनकर, दल निराला व दल प्रेमचंद नाम से बनाए गए। अस्थानीय सदस्यों के रचनाओं का पाठ स्थानीय सदस्यों ने किया।

शायर सुनील कुमार की अगुवाई में दल दुष्यंत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्रमशः दल निराला, दल प्रेमचंद , दल नागार्जुन व दल दिनकर ने द्वितीय , तृतीय, चतुर्थ और पाँचवा स्थान हासिल किया।

गोष्ठी का संचालन मो. नसीम अख्तर द्वारा किया गया और उनका साथ निभाया केशव कौशिक ने। धन्यवाद ज्ञापन शायर सुनील कुमार ने किया। कार्यक्रम में बिहार साहित्य सम्मेलन के अध्य्क्ष डॉ. अनिल सुलभ, वरिष्ठ पत्रकार व शिक्षाविद डॉ. ध्रुव कुमार, आलोचक व कवयित्री प्रो. डॉ.अनिता राकेश, समाजसेवी ममता शर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार नीलांशु रंजन,  जे.पी. मिश्रा, जवाहर लाल प्रसाद आदि की उपस्थिति महत्वपूर्ण  रही। 

वे सदस्य जो पटना के बाहर के हैं और इस कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाये उनकी रचनाएँ दुसरे सदस्यों ने पढ़ी।.ऐसे सदस्य थे - कमला अग्रवाल (इंदिरापुरम), मीनू झा (पानीपत), कल्पना भट्ट (भोपाल), अंकिता कुलश्रेष्ठ (आगरा), शशि शर्मा खुशी (हनुमान गढ़-राजस्थान), पम्मी सिंह (दिल्ली), साधना ठाकुर (ओमान) और अनिता मिश्रा (हजारीबाग)।

इस अवसर पर पढ़ी गई रचनाओं की एक झलक प्रस्तुत है-
 जमाना याद रखे जो, 
कहानी हो तो ऐसी हो,
लुटा दें देश पर अपनी, 
जवानी हो तो ऐसी हो। 
(–कृष्णा सिंह)

 जो बेशर्म है
दुनिया में वही तो
है कामयाब
चापलूसी का दौर
सच की कहाँ ठौर।
(–डॉ. सतीशराज पुष्करणा)

 ग़ज़ल हो तुम मेरी जाना तुम्हें ही गुनगुनायेंगे
तुम्हारे प्यार में जानम हरिक ग़म भूल जाएंगे।
(-सुनील कुमार)

 साँसों की डोर जब,
छोडने लगती है तन का साथ
याद आने लगता है बीता कल
मन लगाने लगता है हिसाब
क्या खोया क्या पाया?
(-शशि शर्मा खुशी)

चेतना हीन मानव विषाक्त
अमृत संदेश सुनाना है
मानवता का है धर्म प्रेम 
ये जन-जन को समझाना है।.
(– अंकिता कुलश्रेष्ठ)

 धान के बिचड़े सरीखे
मालूम नहीं सदियों पहले
कब और कहाँ से 
 लाँघ आए थे गाँव की पगडंडियों को 
पुरखे मेरे।
(–सुबोध कुमार सिन्हा)

 एक सफ़र हुआ महबूब संग अनजानों की तरह
पर हम याद रखेंगे सालों साल दीवानों की तरह।
(– सुशान्त सिंह)

फागुन वाला प्यार
सखी रे, फागुन वाला प्यार
कच्ची धूप महुआ का डेरा
अंजुरी भर-भर प्यार
पियरी सरसो का है घेरा
फागुन वाला प्यार।.
 (–संजय कुमार 'संज')

इधर शम्मे उलफत जलाई गई है।
उधर कोई आँधी उठाई गई है।
वो घर को नहीं बाँट डालेगी दिल को 
जो दीवार घर में उठाई गई है।
(–मो. नसीम अख्तर)

  सड़क से गुजरते हैं हम
 तो एक नजर देख लेते हैं उधर भी
 उस फुटपाथ पर मेरी नजर चली ही जाती है 
जहां हालात से हारे , बेहालात वाले लोग रहते हैं।
(– मीरा प्रकाश)

 कुछ शब्द है कुछ मौन है ,अगर समझो तो
तुम्हारे लिए है ये, अगर समझो तो
नहीं जरूरत कोई शब्दों के व्याकरण देखने की
वेदना समझ लेना ..बस ,मेरे क्षुब्ध ह्रदय की
सुनना शब्दों के पीछे का मौन, नीरसता प्रलय सी।
अगर समझो तो.....
(– वीणाश्री हेम्ब्रम)

पता नहीं आईने के सामने
कौन था ?
और आईने  में अक्स किसका था ?  
माँ तो इधर  भी थी
माँ तो उधर भी थी
तन्हा वो भी थी
तन्हा मैं  भी हूँ।.
(- साधना ठाकुर)

कभी देखा है! 
माँ गंगे के चरणों में पड़ी हुई,
आस्था से उत्पर्ण व्यर्थ वस्तुओं को।.
(– प्रभास सिंह)

ओ भारत माँ के अमर शहीदों,
हम कैसे नमन करें तुम्हारा,
कैसे क़र्ज़ चुकाएंगें हम 
हो कैसे सफ़ल बलिदान तुम्हारा।
(– अमृता सिन्हा)

पाक तेरा नापाक इरादा और न बढ़ने देंगे हम
दहशतगर्दी में सेना को और न मरने देंगे हम
(– सरोज तिवारी)

दामन  बचा के चले  गए तुम 
आँसुओ का ज्वार क्यू  छोड़े जाते हो
पास न आओगे फिर कभी 
यादों का  संसार क्यो छोड़े जाते हो।
(– डॉ. रबबान अली)

समय से बगावत कर,
  कब तक जीते रहोगे,
  सुलगती आग भी,
  ठंडी हो जाती है,
  जब तक उसे ,
  हवाओं  की 
  आंच न मिले।
(– सुधांशु कुमार)

भीड़ तंत्र पर बात चली हैं,एक  छत की खातिर
बेरोजगार भटके युवकों का रास्ता बदला है 
आह,वाह,अना,अलम और आस्ताँ की आस में
आजकल हुजूम का कारोबार खूब चला  हैं।
(– पम्मी सिंह'तृप्ति')

देखो मैं नारी हूँ, नारी का सम्मान चाहती हूँ। 
कोरी बातो से ही नहीं, हृदय से मान चाहती हूँ।
(– अनिता मिश्रा)

यह कैसी हवा
ज़हरीली, नफ़रत से भरी
विषकन्या क्या पुनः
जीवित हो उठी है 
आतंकी गलियारों में!
(– कल्पना भट्ट)

 मातृभूमि की  चुनौतियाँ,
क्या कह रही, सुनना होगा 
जागने  का  वक़्त  है,
जागना और जगाना होगा।
(– सीमा रानी)

हर बार लहू से ही मुल्क ए इबारत ना लिखते
काश! फतह ही  लिखते शहादत ना लिखते
ह्रदयहीन,क्रुर, घृणित, जाहिल है ये अपना दुश्मन
भाई बनकर रहता तो सच मानो अदावत ना लिखते।
(– मीनू झा)

नई सुबह होने तो दो,रिश्तों कीदूरी ना बढाओ 
कुछ तुम मान जाओ ,कुछ वे मान जायें ,
ताप न रखो मन में,
मनकी व्यथा को पिघलने तो दो।
(– कमला अग्रवाल)

मैं आज की नारी
 अपनी मर्यादा में रहकर
 पुरानी कुरीतियों और जुल्मों की ,
 जंजीरों को तोड़ने वाली
 अपनी सहभागिता से 
 समाज और देश को 
 उन्नति प्रदान करने वाली।
(–मिनाक्षी सिंह)

पुलवामा में हुआ ये कैसा हादसा!?
 धरती की हूक निकली,
आसमॉ भी था रूआसॉ।
(– अणिमा श्रीवास्तव)

मैं सौ पुत्रों की माँ बनना चाहती हूँ
पर आँखों पर पट्टी बांध, गांधारी बन कर नहीं
मैं अपने पुत्रों को कुरुक्षेत्र रण मैदान नहीं भेजना चाहती हूँ 
मैं उन्हें देश की सीमाओं पर भेजना चाहती हूँ।
(– एकता कुमारी)

"जब रक्त गिरता है वीर का,सरहद पर गुल मुस्काता है,
गर्वित होता है ये देश सारा,तिरंगा भी झुक जाता है।
(–कुमारी स्मृति)

 दर्द ढोने से कुछ नहीं होगा
सिर्फ़ रोने से कुछ नहीं होगा
अब्र बरसे तो कोई बात बने
बीज बोने से कुछ नहीं होगा।
(- राजेन्द्र पुरोहित)



कानून के शिकंजे में
आने के बाद भी
उस शैतान के चेहरे पे
कुटिल मुस्कान देखकर
मेरे तन- बदन में
आग लग जाती है
तब लिखती हुँ-
मैं कोई कवयित्री नहीँ।
( – प्रेमलता सिंह)

रिश्ते जताने लोग मेरे घर भी आऐंगे
फल पेड़ो पर होगें तो पत्थर भी आऐंगे
जब चल पड़ी हूँ मैं सफर पर तो हौसला रखो
सहारा कही कही पे काँटे उग आऐंगे। 
(– शाईस्ता अंजुम)

 ज्योति मिश्रा ने भी अपनी एक कविता पढ़ी।
गहरी नदी में नाव की तरह, 
तपती दुपहरी में छांव की तरह, 
रूह को सुकून देती हो, 
लगती हो बिलकुल मेरे गाँव की तरह।
(–संजय कुमार सिंह)
.............
आलेख - अभिलाष दत्त 
प्रस्तुति - विभा रानी श्रीवास्तव 
छायाचित्र सौजन्य - संजय कु. संज / मो. नसीम अख्तर 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com
नोट - कार्यक्रम में भाग लेनेवाले जिस रचनाकार की पंक्तियाँ या चित्र छूट गए हैं वो कृपया श्रीमती विभा रानी श्रीवास्तव से सम्पर्क करें. 

   






Saturday, 9 March 2019

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर चित्रकला प्रदर्शनी 8 एवं 9 मार्च 2019 को पटना में

पारंपरिक और आधुनिक कलाओं में अभिव्यक्ति के सुन्दर नमूने 




विश्व में जहां कहीं भी मानव है उसकी संस्कृति के केंद्र में नारी ही है. नारी ही है जिससे घर का निर्माण होता है और जिसके प्रेम के स्पर्श से सम्पूर्ण संसार में संचार होता है कामना और स्वप्न के अद्भुत लोक का जो हमें मूलतः करुणाशील बनाता है या दूसरे शब्दों में कहें तो इन्सानियत से लबरेज एक आदमी. किन्तु विश्व ने  8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने का फैसला इसलिए लेना पडा क्योंकि अपने द्वारा रचित संसार में वह खुद ही जुल्मों का शिकार हो रही है.

अंतरराष्ट्रीय  महिला दिवस के अवसर पर पटना तारामंडल के प्रांगण में महिलाओं द्वारा दो दिवसीय (8 एवं 9 मार्च) पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें  महिला कलाकारों की बड़ी भागीदारी रही। मुख्य रूप से अलका दास, संजू दास, सार्थ, स्मिता पराशर, मीनाक्षी झा बैनर्जी एवं श्वेता साहा की पेन्टिंग लोगों को खुब पसंद आई।सभी पेंटिंग महिला केन्द्रित थी।
...
आलेख - मो. नसीम अख्तर
छायाचित्र - मो. नसीम अख्तर
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com

नोट- इसमें भाग लेनेवाले अन्य कलाकार अपने चित्र सम्मलित करवाने हेतु दिए गए ईमेले आईडी पर अपने चित्र भेजें .











नेपाल डायरी-1 / कैलाश झा किंकर - 6.3.2019 को रौतहट , नेपाल में नारी दिवस पर त्रिदिवसीय कवि महोत्सव और अन्य कार्यक्रम

बेटी की ज़िन्दगी की,थामे कमान बेटी 
(नेपाल डायरी -2 और 3 के लिंक के लिए नीचे देखिये .)



नेपाल भारत मैत्री वीरांगना फाउण्डेशन काठमांडो, रौतहट,राम दुलारी शिव समाज केन्द्र रौतहट और भारतीय राज दूतावास, काठमांडो के 109 वाँ विश्व नारी दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय महाकुम्भ, कवि महोत्सव एवम् 7 वाँ सोशल मीडिया सम्मान समारोह ,सास्कृतिक कार्यक्रम दिनांक 6,7,8 मार्च 2019 का आयोजन प्रभा कुँवर सिंह की अध्यक्षता में आरम्भ हुआ। भारत और नेपाल के लहराते हुए झंडों के सम्मान में नेपाल और भारत के राष्ट् गान गाए गये।

दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय महा वाणिज्यिकदूत डा0 कोट्रा स्वामी ने मंचस्थ अतिथियों के साथ किया ।

हिन्दी भाषा साहित्य परिषद् खगड़िया, बिहार के महासचिव कैलाश झा किंकर की सरस्वती वन्दना - "सरस्वती रहे जहाँ, कभी न अन्धकार हो / सुगीत,काव्य-चेतना,सुहास का प्रसार हो" से कार्यक्रम का आग़ाज़ हुआ। साथ दे रहे थे मगसम के राष्ट्रीय संयोजक सुधीर सिंह सुधाकर (दिल्ली), फिरोज खान फतेहपुरी(भोपाल),भीम प्रसाद प्रजापति देवरिया(उत्तर प्रदेश) और बिहार अर्णव कलश के अध्यक्ष विनोद कुमार हँसौड़ा ।भारत के विभिन्न राज्यों से आये हुए अतिथियों का स्वागत/सम्मान हुआ। और हुआ लाजवाब सांस्कृतिक कार्यक्रम। नेपाल की स्कूली छात्राओं ने अपने सांस्कृतिक -कौशल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जहाँ डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, वो भारत देश है मेरा और मेरा देश रंगीला---- पर बच्चियों के भावपूर्ण नृत्य ने भारत नेपाल मैत्री के भाव संचरण करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


प्रथम सत्र का सफल संचालन डा0 अनिता रानी भारद्वाज (हरियाणा) ने किया।

द्वितीय सत्र अन्तर्राष्ट्रीय कविसम्मेलन की अध्यक्षता बाबा बैद्यनाथ झा ने की और मंचसंचालन मगसम के राष्ट्रीय संयोजक सुधीर कुमार सुधाकर ने किया।मुख्य अतिथि के रूप में रेहाना बेगम मंचस्थ थी।

कविसम्मेलन की शुरुआत सूर्य कान्त त्रिपाठी निराला की सरस्वती वन्दना -वर दे,वीणावादिनी वर दे ---के गायन से विनोद कुमार हँसौड़ा ने किया।प्रभाष कुमार झा (नेपाल) के बाद कर्मेश चौरसिया ,नागपुर (महाराष्ट्र ) ने कहा-
शब्द जब दिखते हैं फूलों की टोकड़ी मे/शब्दों से लार्वा टपकता है।

फिरोज खान फतेहपुरी (इलाहाबाद)-
मुझे भी गर्व है हिन्दुस्तानी अपने होने के
मैं भी अपने दिल में हिन्दुस्तान रखता हूँ ।

नरेन्द्र पाल जैन (राजस्थान)-
अगर चाहो कि ये जीवन हमारा महका महका हो
तो घर में फूल बेटी का सदा खिलना जरूरी है।

नेहा भंडारकर (महाराष्ट्र)और भीम प्रजापति देवरिया के बाद नन्द लाल त्रिपाठी (गोरखपुर) की पंक्ति आई-
काँटों पर चलना सीखा ही नहीं
फूलों पे क्या तुम चल पाओगे
जीवन की मधुशाला तुमने देखी ही नहीं 
तुम क्या जाओगे मधुशाला।

कर्मेश सिन्हा तन्हा, औरंगाबाद के बाद कृष्ण कुमार द्विवेद्वी नागपुर, महाराष्ट्र ने फरमाया-
हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता के समान
मेरी यात्रा अनन्त है
प्रारम्भ हूँ मैं, मध्य हूँ मैं ,
किन्तु नहीं हुआ मेरा अन्त ।
जन्म से लेकर मृत्यु तक 
हर कार्य में आपका साथ देता हूँ
जी महोदय-मैं कोई और नहीं -
एक कोमल सा कागज हूँ।

कौशिकी के सम्पादक कैलाश झा किंकर ने अपनी बेटी शीर्षक कविता में कहा-
सम्मान-मान बेटी,है आन-बान बेटी
बेटी की सुरक्षा में,खुद आसमान बेटी
बेटी की भ्रूण हत्या,सौ फीसदी रुके अब
बेटी की ज़िन्दगी की,थामे कमान बेटी ।

विनोद कुमार हँसौड़ा,दरभंगा ने अपनी रचना में सुनाया-
भारत नेपाल की तो मित्रता मिसाल रही
अच्छे हैं पड़ोसी दोनों,मित्रता भी जारी है।
अवध के राजा राम मिथिला की बेटी सीता
घर-घर कितने ही, ऐसी रिश्तेदारी है।

चन्द्र शेखर राउत(नेपाल)-
हे मेहमां करूँ तेरा दिल से नमन
शुक्रिया शुक्रिया कोटि कोटि है नमन

सुधीर कुमार सुधाकर (वाराणसी)-
सोने सी चिड़ैया,मेरी गोरैया,
आओ न मेरे द्वार ।

डा0 रेहाना बेगम(नेपाल)-
इक ग़ज़ल सुनाती हूँ मैं प्यार से करो कुबूल
ये जि़न्दगी है क्या इसे पहचान कर करो कुबूल।

बाबा बैद्यनाथ झा(पूर्णियां)-
नहीं अस्तित्व ही होता ,मिले दमखम नहीं होते,
हमारी माँ नहीं होती,जगत में हम नहीं होते ।

अध्यक्षता कर रहे बाबा बैद्यनाथ झा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आज के कार्यक्रम को विराम दिया।
......

आलेख - कैलाझ झा किंकर 
छायाचित्र सौजन्य - कैलाश झा किंकर
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल आईडी - editorbejodindia@yahoo.com
नेपाल डायरी -2 का लिंक - https://bejodindia.blogspot.com/2019/03/2.html
नेपाल डायरी -2 का लिंक - https://biharidhamaka.blogspot.com/2019/03/3-832019.html

  





Add caption


  

Thursday, 7 March 2019

पुण्यार्क कला निकेतन, पंडारक द्वारा चतुर्भुज ऐतिहासिक नाट्य महोत्सव में 'कालसर्पिणी नाटक' पटना में 6.3.2019 को मंचित

अलाउद्दीन खिलजी के व्यक्तित्व को उधेड़ता नाटक 


पटना  के  कालिदास रंगालय  में  दिनांक 4 मार्च से 6 मार्च, 2019 तक नाटककार डॉ. चतुर्भुज की स्मृति में 10वां ऐतिहासिक नाट्य महोत्सव मनाया गया. इसके अंतिम दिन कला जागरण द्वारा नाटक 'कालसर्पिणी' का  मंचन किया गया. यह नाटक अलाउदीन खिलजी के गुजरात विजय के बाद के परिदृश्य को बखूबी दिखाता है. अलाउद्दीन खिलजी दर-असल अपने चाचा और सुलतान जलालुद्दीन खिलजी के सेनानायक के तौर पर देवगिर गया था जहां विजय प्राप्त कर उसने अकूत धनराशि अर्जित की थी.वह सुलतान जलालुद्दीन की हत्या कर खुद दिल्ली का सुलतान बन बैठा.   राजा करणदेव को भागने पर मजबूर होना पडा और उसकी पत्नी कमलादेवी को अपने हरम में ले आया. उसे मालिक काफूर नामक हिजड़े का बहुत सहयोग मिला था. नाटक के निर्देशक विजय आनंद थे. 
.....
सूचना स्रोत - रोहित कुमार 
छायाचित्र - कला जागरण 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल कीजिए - editorbejodindia@yahoo.com
नोट - कृपया रपट टाइप करके भेजा जाय.











Sunday, 3 March 2019

बिहार के लब्धप्रतिष्ठ साहित्यकार और स्वाधीनता संदेश के उप सम्पादक रमण सीही नहीं रहे

खगड़िया का साहित्यिक परिवार घनघोर पीड़ा में 
(जानिये डीडी-बिहार के चैनल नंबर सभी डीटीएच प्रोवाइडर्स के मेनू पर - यहाँ क्लिक कीजिए)



खगड़िया:02:03:2019 हिन्दी भाषा साहित्य परिषद् खगड़िया, बिहार के लब्धप्रतिष्ठ साहित्यकार और स्वाधीनता संदेश के उप सम्पादक रमण सीही नहीं रहे। आज सुबह 05:00 बजे ह्रदयगति रुकने के कारण उनका निधन हो गया। वे 1994 बैच के शिक्षक थे और वर्तमान में मध्य विद्यालय मथुरापुर, खगड़िया के प्रधानाध्यापक थे। वर्षों तलक वे खगड़िया बीआरसी में बी.आर.पी. भी रहे। सम्प्रति लोकसभा आम निर्वाचन -2019 के लिए मास्टर ट्रेनर के रूप में जिला प्रशिक्षण कोषांग में प्रतिनियुक्ति पर थे। कोशी कालेज खगड़िया में आयोजित प्रशिक्षण -सह-उन्मुखीकरण में 01:03:2019 तक उन्होंने हमलोगों के साथ काम किया था। अचानक सुबह उनके निधन की ख़बर ने मर्मान्तक पीड़ा पहुँचाई।

‌माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य स्व0 जगदीश प्रसाद सिन्हा और शांति प्रभा देवी के इकलौते सुपुत्र रमण सीही का जन्म 08 जनवरी 1966 ई0 में हुआ था। उनकी प्रकाशित कृतियों में हँसुली कहाँ गयी (कहानी संग्रह) और सूनी बरसात में (ग़ज़ल संग्रह) प्रमुख हैं। कौशिकी, त्रैमासिक में वे सम्पादक मंडल सदस्य और स्वाधीनता संदेश में सह सम्पादक की भूमिका निभा रहे थे। मचंद रजत स्मृति सम्मान से सम्मानित साहित्यकार रमण सीही के आकस्मिक निधन पर खगड़िया का साहित्यिक परिवार मर्मान्तक पीड़ा झेल रहा है। प्रोफेसर चन्द्रिका प्रसाद सिंह विभाकर, नन्देश निर्मल, कैलाश झा किंकर, कविता परवाना, शंकरानन्द, गणेश राज, कामरान अल्वी, विनय कुमार यशपाल, ईoअवधेश कुमार आशुतोष, अणिमा रानी, डॉo विभा माधवी, शिवकुमार सुमन, प्रभाकर प्रभात, सुनील कुमार मिश्र, स्मिताश्री (बेगूसराय), संजय कुमार अविनाश(लखीसराय), रेखा सिन्हा (नालन्दा), विकास कुमार(मुंगेर), ऐ. के झा (देवघर), अतुल मल्लिक अनजान, बाबा बैद्यनाथ झा, (पूर्णिया), विनोद कुमार हँसौड़ा (दरभंगा), शिव कुमार सिंह (मुजफ्फरपुर) आदि ने रमण जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करें और उनके परिवार को यह दु:ख झेलने की शक्ति प्रदान करें।
...

आलेख - कैलाश झा किंकर 
छायाचित्र साभार - कैलाश झा किंकर 
सूचना स्रोत - विभा माधवी 
प्रतिक्रिया हेतु ईमेल - editorbejodindia@yahoo.com

...